खेत खलिहान

MSP पर कपास बेचने के लिए “कपास किसान ऐप” पर करें रजिस्ट्रेशन

गुजरात के कपास किसानों के लिए काम की खबर है। आगामी कपास खरीद सीजन में यदि किसान अपनी उपज को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर सरकारी व्यवस्था के तहत बेचना चाहते हैं, तो उन्हें पहले पंजीकरण कराना होगा। राज्य सरकार ने किसानों से नए ‘कपास किसान’ (Kapas Kisan) मोबाइल ऐप के माध्यम से रजिस्ट्रेशन पूरा करने को कहा है। इसके लिए 31 अक्टूबर 2026 अंतिम तारीख तय की गई है।
सरकारी व्यवस्था के तहत कपास की खरीद कॉटन कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (CCI) की ओर से की जाएगी। ऐप के माध्यम से होने वाला डिजिटल पंजीकरण किसानों को खरीद प्रक्रिया से जोड़ने के साथ-साथ इसे अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने में मदद करेगा। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते अपना पंजीकरण पूरा कर लें।

कपास किसान ऐप से मिलेगी खरीद से जुड़ी जरूरी जानकारी
‘कपास किसान’ ऐप केवल पंजीकरण के लिए ही उपयोगी नहीं होगा, बल्कि इससे किसानों को सरकारी कपास खरीद से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी मिल सकेंगी। पंजीकृत किसानों को खरीद केंद्रों, खरीद के शेड्यूल और MSP पर खरीद से जुड़ी नीतिगत जानकारी ऐप के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। डिजिटल व्यवस्था लागू होने से किसानों को खरीद केंद्रों पर अनावश्यक इंतजार और भीड़ से राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही खरीद प्रक्रिया को पहले से व्यवस्थित करने में भी मदद मिलेगी। ऐसे में MSP पर कपास बेचने की तैयारी कर रहे किसानों के लिए ऐप पर पंजीकरण करना महत्वपूर्ण है।

Related Articles

Back to top button