
खरीफ सीजन की टॉप 5 सबसे लाभदायक फसल
मानसून की शुरुआत के साथ ही खरीफ फसलों की खेती का समय शुरू हो जाता है। इस दौरान किसान कई तरह की फसलें बोते हैं, लेकिन यदि वे बाजार की मांग को ध्यान में रखकर फसल का चुनाव करें, तो अच्छी कमाई संभव है। खरीफ का सीजन जून से अक्टूबर तक रहता है। ऐसे में अगर सही फसल का चयन हो, तो यह सीजन किसानों के लिए आर्थिक रूप से बहुत फायदेमंद साबित हो सकता है। इसके लिए जरूरी है कि किसान बाजार की मांग को समझें और उसी के अनुसार फसल की बुवाई करें।
1. धान की खेती
धान, खासतौर पर बासमती चावल, खरीफ सीजन की प्रमुख और अत्यधिक मांग वाली फसल है। इसकी खेती पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में बड़े पैमाने पर होती है। हाइब्रिड बीज और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल से प्रति एकड़ 20–25 क्विंटल तक उत्पादन मिल सकता है। बासमती चावल की किस्मों से किसान 50,000 से 80,000 रुपए प्रति एकड़ तक मुनाफा कमा सकते हैं।
2. मक्का (कॉर्न) की खेती
कम पानी में अच्छी पैदावार देने वाली यह फसल सूखे इलाकों के लिए उपयुक्त है। बिहार, कर्नाटक, मध्यप्रदेश और राजस्थान में इसकी खेती बड़े पैमाने पर होती है। मक्का की मांग पशु चारा, स्टार्च उद्योग, प्रोसेस्ड फूड और बायोफ्यूल सेक्टर में निरंतर बढ़ रही है। किसान मक्का की खेती से 30,000 से 60,000 रुपए प्रति एकड़ तक की कमाई कर सकते हैं।
3. सोयाबीन की खेती
सोयाबीन एक प्रोटीन युक्त फसल है, जिसकी मांग खाद्य तेल, पशु आहार और प्रोसेस्ड फूड इंडस्ट्री में लगातार बनी रहती है। इसकी प्रमुख खेती मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान में होती है। यदि मौसम और बाजार अनुकूल हों, तो किसान प्रति एकड़ 40,000 से 70,000 रुपए तक की आय प्राप्त कर सकते हैं।
4. मिर्च की खेती (हरी और सूखी)
मिर्च एक ऐसी मसाला फसल है जिसकी घरेलू और औद्योगिक दोनों क्षेत्रों में भारी मांग रहती है। सूखी मिर्च की अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अच्छी मांग है। इसकी खेती खासकर आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और राजस्थान में होती है। मिर्च की खेती से एक एकड़ में 60,000 से 1,20,000 रुपए तक की आमदनी हो सकती है। यदि ड्रायिंग यूनिट उपलब्ध हो तो लाभ और अधिक बढ़ सकता है।
5. भिंडी की खेती
भिंडी एक हरी सब्जी है जिसकी शहरी बाजारों में विशेष मांग रहती है। यह फसल 45 से 50 दिनों में तैयार हो जाती है, इसलिए कम समय में मुनाफा देने वाली फसलों में गिनी जाती है। मंडी या रिटेल में बिक्री करने पर किसान प्रति एकड़ लगभग 1,00,000 रुपए तक कमा सकते हैं।
खरीफ सीजन में बाजार की मांग, मिट्टी की गुणवत्ता और मौसम को ध्यान में रखते हुए फसलों का चयन करना बेहद जरूरी है। वैज्ञानिक तरीकों और स्थानीय कृषि विशेषज्ञों की सलाह से खेती करने पर उत्पादन और मुनाफा दोनों बढ़ सकते हैं।


