
गेहूं की एचडी 2967 किस्म से पाएं 66.1 क्विंटल/हेक्टेयर पैदावार
देशभर के किसान आज ऐसे गेहूं की किस्म की तलाश में रहते हैं, जिसमें रोग प्रतिरोधक क्षमता अधिक हो और उत्पादन भी ज्यादा मिले। पिछले कुछ सालों से गेहूं में पीला रतुआ रोग (Yellow Rust) तेजी से फैल रहा है, जिससे फसल की उपज 30–50% तक घट जाती है। ऐसे में किसान ऐसी किस्में अपनाना चाहते हैं जो कम समय में ज्यादा उत्पादन देने के साथ-साथ बीमारियों से भी लड़ सके। इसी आवश्यकता को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों के लिए गेहूं की एक बेहद उन्नत किस्म तैयार की है जिसका नाम एचडी 2967 (HD 2967 Variety of Wheat) है।
यह किस्म देशभर में लोकप्रिय हो चुकी है, खासकर हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी यूपी और राजस्थान के किसानों में इसकी मांग काफी अधिक है। कम लागत, अधिक उत्पादन और उच्च रोग-प्रतिरोधक क्षमता इस किस्म की सबसे बड़ी विशेषताएं हैं। आइए जानते हैं, इस किस्म की प्रमुख विशेषताएं, बुवाई का समय, उत्पादन क्षमता और इसके लाभों के बारे में विस्तार से।
गेहूं की एचडी 2967 किस्म क्यों हैं खास
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार एचडी 2967 एक अगेती प्रजाति (Early Variety) है, जो कम समय में तैयार हो जाती है। इस किस्म में पीला रतुआ रोग से लड़ने की मजबूत क्षमता होती है, जिससे किसानों को रसायनों पर ज्यादा खर्च नहीं करना पड़ता। पीला रतुआ एक ऐसा फफूंदजनित रोग है, जो फसल को झुलसा देता है और देखते-देखते खेत की आधी पैदावार नष्ट कर देता है। एचडी 2967 इस रोग का प्रभाव कम करने में सक्षम है। इसके अलावा इस किस्म में पौधे की ऊंचाई और मजबूती अधिक होती है, जिससे गिरने (Lodging) की समस्या कम आती है। यही कारण है कि किसान इस किस्म को सुरक्षित और उच्च उत्पादन वाली फसल मानते हैं।
क्या है गेहूं की एचडी 2967 किस्म की बुवाई का सही समय
कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि HD 2967 किस्म की बुवाई का सही समय 1 नवंबर से 15 नवंबर तक है। यदि किसान बुवाई में देरी करते हैं, तो इससे उपज प्रभावित हो सकती है। चूंकि यह किस्म अगेती है, इसलिए समय पर बोई गई फसल अधिक उत्पादन देती है और अच्छी गुणवत्ता भी बनाए रखती है। यदि बुवाई देर से की जाए, तो पौधे जल्दी पकने लगते हैं और उत्पादन क्षमता घट जाती है। इसलिए किसान समय पर खेत की तैयारी कर इस किस्म की बुवाई करें तो अधिक लाभ मिलता है।
एचडी 2967 किस्म से निकलता है अधिक और गुणवत्तापूर्ण तूड़ा
किसानों के लिए एक और महत्वपूर्ण बात यह है कि HD 2967 किस्म का तूड़ा (Straw) बहुत अच्छा बनता है। इस किस्म की बढ़वार अन्य किस्मों की तुलना में अधिक होती है, इसलिए प्रति एकड़ अधिक मात्रा में सूखा चारा यानी तूड़ा मिलता है। तूड़ा पशुपालन में बेहद उपयोगी है और बाजार में इसकी कीमत भी अधिक मिलती है। इसलिए किसान इस किस्म की फसल से अनाज के साथ-साथ चारे का भी अधिक लाभ उठा सकते हैं।
एसडी 2967 किस्म की उत्पादन क्षमता 66.1 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक
इस किस्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी उत्पादन क्षमता है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार इस किस्म से औसतन उपज 50.1 क्विंटल प्रति हेक्टेयर और अधिकतम उपज 66.1 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक प्राप्त की जा सकती है। इस किस्म से उत्पादन अन्य सामान्य किस्मों की तुलना में काफी अधिक है। यही कारण है कि कम लागत और कम कीटनाशक खर्च के साथ किसान अधिक लाभ कमा पाते हैं। इसके मजबूत तनों और रोग प्रतिरोधकता के कारण उत्पादन स्थिर रहता है और हर साल अच्छी पैदावार मिलने की संभावना अधिक होती है।
एसडी 2967 किस्म खेती से किसानों को फायदे
- पीला रतुआ रोग से सुरक्षा, कम कीटनाशक खर्च
- अगेती किस्म – कम समय में तैयार
- उच्च उत्पादन क्षमता – 50.1 से 66.1 क्विंटल/हेक्टेयर
- बेहतर गुणवत्ता का तूड़ा – पशुपालन और बिक्री दोनों में फायदेमंद
- कम लागत में अधिक मुनाफा
हरियाणा, पंजाब और यूपी के किसानों में सबसे लोकप्रिय किस्म
गेहूं की एचडी 2967 किस्म उन किसानों के लिए एक बेहतरीन विकल्प है जो कम लागत में अधिक उत्पादन चाहते हैं और रोगों से होने वाले नुकसान से बचना चाहते हैं। यह किस्म बीमारियों को मात देने, अच्छी पैदावार देने और उत्कृष्ट गुणवत्ता का तूड़ा प्रदान करने के लिए जानी जाती है। सही समय पर बुवाई करने से किसान इसकी पूरी उत्पादन क्षमता का लाभ उठा सकते हैं। जो किसान गेहूं में जोखिम कम करके मुनाफा बढ़ाना चाहते हैं, उनके लिए HD 2967 एक विश्वसनीय गेहूं किस्म है।



