खेती संसारविचार संसार

धान पर बोनस: 6.69 लाख किसानों के खातों में 37.12 करोड़ रुपए ट्रांसफर

देश के कुछ राज्यों में धान की खरीद शुरू हो गई है तो कई राज्यों में धान की खरीद शुरू होने वाली है। ऐसे में किसानों को धान का बेहतर मूल्य मिले, इसके लिए सरकार की ओर से धान पर बोनस दिया जा रहा है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए धान बोनस योजना 2025 के तहत राज्यभर के 6.69 लाख किसानों के खातों में 37.12 करोड़ रुपए का बोनस राशि सीधे ट्रांसफर कर दी है। यह धनराशि राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा बालाघाट जिले के कटंगी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की गई है।

किसानों को मिलेगा प्रति हेक्टेयर 4,000 रुपए बोनस

मुख्यमंत्री ने पहले ही घोषणा की थी कि एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) पर धान बेचने वाले किसानों को सरकार बोनस देगी। योजना के तहत प्रति हेक्टेयर 4,000 रुपए का बोनस मिलेगा, जिसकी अधिकतम सीमा 10,000 रुपए प्रति किसान निर्धारित की गई है। धान की एमएसपी पर खरीद पर बोनस दिए जाने की यह पहल किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

बालाघाट जिले के एक लाख से अधिक किसानों को मिला प्रत्यक्ष लाभ

बालाघाट जिले के ही एक लाख से अधिक किसानों को इस योजना का प्रत्यक्ष लाभ मिला है। मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि किसानों की आय बढ़ाना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम तकनीक और पारदर्शिता के माध्यम से योजनाओं को सीधे किसानों तक पहुंचा रहे हैं।

किसानों को बोनस सीधे खातों में ट्रांसफर

प्रदेश के धान किसानों को बोनस का भुगतान डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) प्रणाली के जरिए किया गया, जिससे किसानों को किसी बिचौलिये की आवश्यकता नहीं पड़ी। जिन किसानों ने MSP पर धान की बिक्री की थी, उनके बैंक खातों में यह राशि सीधे जमा की गई है। इस तरह प्रदेश सरकार की ओर से धान किसानों को सीधा लाभ प्रदान किया गया है।

किसान कैसे चेक करें धान बोनस की राशि खाते में आई या नहींं

किसान अपने बैंक की एसएमएस (SMS) अलर्ट सेवा, आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी सीएससी (CSC) केंद्र पर जाकर यह जांच सकते हैं कि उनके खाते में बोनस की राशि आई है या नहीं।

3500 युवाओं को मिला रोजगार का अवसर

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिले के 3500 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए। इसके साथ ही 244.52 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। यह कार्यक्रम कटंगी स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं और किसानों, दोनों वर्गों के लिए योजनाएं लगातार चला रही है। हमारा लक्ष्य है कि मध्य प्रदेश कृषि और रोजगार दोनों क्षेत्र में अग्रणी राज्य बने।

धान का भाव पहुंचा 3240 रुपए प्रति क्विंटल, किसानों को मिलेगा बेहतर भाव

इधर मध्य प्रदेश की प्रमुख कृषि मंडियों में धान के भावों में अच्छी तेजी देखने को मिल रही है। कई मंडियों में धान का भाव 3240 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है, जो इस सीजन में अब तक की सबसे ऊंची कीमत मानी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में धान के भाव में और तेजी आ सकती है, जिससे किसानों को और लाभ मिलने की संभावना है। हालांकि, अभी तक राज्य में सरकारी धान खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है।

बोनस से किसानों में उत्साह और विश्वास

मध्य प्रदेश में धान बोनस योजना के तहत किए गए सीधे भुगतान ने किसानों में उत्साह और विश्वास दोनों बढ़ाया है। साथ ही मंडियों में धान के बढ़ते भाव और राज्य सरकार की योजनाओं से किसानों की आय में सुधार की उम्मीद है। मुख्यमंत्री की यह पहल निश्चित रूप से प्रदेश में कृषि सुधार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button