किसानछत्तीसगढ़

रायपुर : सुशासन तिहार बना राहत का माध्यम: आवेदन मिलते ही हुआ नलकूप खनन

मोहतरा में पानी की समस्या का त्वरित समाधान, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

रायपुर/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप मुंगेली जिले में सुशासन को सशक्त बनाने और आमजनों को शासकीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 01 मई से 10 जून 2026 तक “सुशासन तिहार” का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जनसमस्या निवारण समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है और शिविर में प्राप्त आवेदनों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

इसी कड़ी में मुंगेली विकासखंड के ग्राम मोहतरा (पंचायत सुरेठा) में तत्काल कार्यवाही करते हुए नवीन नलकूप खनन का कार्य किया गया। ग्राम मोहतरा में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई थी। ग्रामीणों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ता था, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा था। सुशासन तिहार शिविर में ग्रामीणों द्वारा समस्या रखे जाने के बाद प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही ट्यूबवेल ड्रिलिंग रिंग मशीन लगाकर नलकूप खनन कार्य किया गया। इस त्वरित कार्यवाही से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय निवासियों ने बताया कि वर्षों से चली आ रही पानी की समस्या अब समाप्त होने की उम्मीद जगी है और उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की त्वरित कार्यवाही से लोगों का विश्वास और भी मजबूत हुआ है।

Related Articles

Back to top button