पर्यावरण संसार

 “एक पेड़ माँ के नाम 2.0” तथा हरियर पाठशाला कार्यक्रम के तहत शासकीय स्कूल गोगांव में 500 पौधों का रोपण

रायपुर । शासन की पर्यावरणीय पहल “एक पेड़ माँ के नाम 2.0” और हरियर पाठशाला कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोगांव में 500 पौधों का वृहद एवं भव्य पौधारोपण किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप संचालित इस अभियान का नेतृत्व कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह द्वारा किया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह आयोजन एक सशक्त कदम है।

विद्यालय परिसर को हरियाली से आच्छादित करने के इस पुनीत कार्य में विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों, ग्राम प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर को पर्यावरणीय उत्सव का रूप दिया गया, जिसमें सभी ने मिलकर “एक पेड़ लगाना है, धरती को स्वर्ग बनाना है” जैसे प्रेरणादायक नारों के साथ उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की इसमें सक्रिय सहभागिता रही।
यह आयोजन न केवल पौधारोपण तक सीमित रहा, बल्कि यह प्रकृति से जुड़ने, हरियाली को बढ़ावा देने और भावी पीढ़ियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना जाग्रत करने का एक जीवंत उदाहरण बन गया।

Related Articles

Back to top button